राजस्थान : सलूंबर जिले में बच्चों की मौत रहस्यमयी बीमारी से होने का संदेह

राजस्थान : सलूंबर जिले में बच्चों की मौत रहस्यमयी बीमारी से होने का संदेह

राजस्थान : सलूंबर जिले में बच्चों की मौत रहस्यमयी बीमारी से होने का संदेह
Modified Date: April 9, 2026 / 01:42 pm IST
Published Date: April 9, 2026 1:42 pm IST

जयपुर, नौ अप्रैल (भाषा) राजस्थान के सलूंबर जिले में पांच बच्चों की हाल ही में हुई मौत का कारण एक रहस्यमयी बीमारी होने का संदेह है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इसके अलावा पिछले दो दिन में तीन और बच्चों की मौत अलग-अलग कारणों से हुई है।

बच्चों की मौत की ये घटनाएं झल्लारा और लसाड़िया इलाकों से सामने आई हैं जहां पिछले आठ दिनों में आठ बच्चों की मौत हो चुकी है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में सतर्ककता बढ़ाते हुए व्यापक जांच का अभियान चलाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, साढ़े चार साल और दो महीने की उम्र के दो बच्चों को उल्टी और दस्त के लक्षण के बाद मंगलवार को सलूंबर अस्पताल में लाया गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। इन्हीं लक्षण वाले लगभग दो साल उम्र के बच्चे की मौत भी बुधवार को हुई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि रौनक (4.5 साल) झल्लारा के अमलोदा गांव का था। इसे जब अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। परमार ने कहा, ‘पांच बच्चों की पहले हुई मौत रहस्यमयी हैं। हमें अभी तक नमूनों की रिपोर्ट नहीं मिली है। बाकी तीन मौतों के कारण अलग हैं।’

एक अन्य मामले में लसाड़िया के कालीभीत गांव के दो महीने के शिशु बंशी को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मृत अवस्था में लाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि मंडली गांव के दिव्यांश पटेल (2) की बुधवार को बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित होने के बाद मौत हो गई।

इस बीच राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमें तैनात की हैं। जयपुर और उदयपुर से मेडिकल टीमें प्रभावित गांवों में तैनात की गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार लसाडिया के प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे एवं नियंत्रण गतिविधियां चलाई गई हैं। प्रभावित क्षेत्र में 12 टीमों द्वारा 379 घरों का सर्वे किया गया जिसमें एक लक्षणयुक्त रोगी पाया गया जिसका मौके पर ही उपचार किया गया।

उल्लेखनीय है कि एक से छह अप्रैल के बीच लसाड़िया के लालपुरा और घाटा गांव में दो सगे भाई—बहन सहित पांच बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों को संदेह है कि इन मौतों का संबंध इसी रहस्यमयी बीमारी से है।

अधिकारियों ने बताया कि मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में