राजस्थान: स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति पर कांग्रेस की बैठकें, टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
राजस्थान: स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति पर कांग्रेस की बैठकें, टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
जयपुर, 18 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए मंगलवार को कई बैठकें कीं।
पार्टी ने चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी शुरू की।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के ‘वॉर रूम’ में आयोजित वरिष्ठ नेताओं की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस के सह-प्रभारी चिरंजीव राव और पूनम पासवान सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पार्टी के अनुसार, बैठक में आगामी चुनावों से जुड़े प्रमुख मुद्दों, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर से मिली प्रतिक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
कोर कमेटी की बैठक के बाद डोटासरा और रंधावा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 27 जिलों के पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग चरणों में चर्चा की।
इन बैठकों में जिलाअध्यक्ष, विधायक, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नेता, सांसद व पूर्व प्रत्याशी, जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारी, जिला प्रमुख, महापौर तथा पार्टी के अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पार्टी के प्रदेश महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठकों में स्थानीय मुद्दों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तथा चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों को चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिकारी ने बताया कि आगामी चुनावों में टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है और वे इस ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


