राजस्थान: मतदाता सूची में ‘विसंगतियों’ को लेकर कांग्रेस ने मार्च निकाला

राजस्थान: मतदाता सूची में ‘विसंगतियों’ को लेकर कांग्रेस ने मार्च निकाला

राजस्थान: मतदाता सूची में ‘विसंगतियों’ को लेकर कांग्रेस ने मार्च निकाला
Modified Date: August 13, 2025 / 03:18 pm IST
Published Date: August 13, 2025 3:18 pm IST

जयपुर, 13 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने मतदाता सूची में कथित विसंगतियों के विरोध में बुधवार को जयपुर में पैदल मार्च निकाला।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुआ यह मार्च शहीद स्मारक पर समाप्त हुआ और इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाए।

डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘चुराए हुए वोटों’ के जरिए सत्ता हासिल की है।

उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची से नाम काटे जा रहे हैं और भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे साबित कर दिया है और यह संविधान पर हमला है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची में कथित विसंगतियों के संबंध में कार्रवाई करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

गहलोत ने कहा, ‘‘मतदाता सूची में विसंगतियां हैं और निर्वाचन आयोग कोई जवाब नहीं दे रहा है। इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में स्थिति चिंताजनक है, जहां अनुमानित 60 लाख वोट बिना किसी स्पष्टीकरण के कथित तौर पर हटा दिए गए।

गहलोत ने कहा, ‘‘बिहार में 60 लाख लोगों को नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। किसी को नहीं पता कि किसके वोट हटाए गए और कितने नए वोट जोड़े गए। यह पहली बार है जब निर्वाचन आयोग ऐसी स्थिति पैदा कर रहा है। यह केवल स्थानीय मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चिंता का विषय है। पूरे देश को इस बारे में चिंतित करना चाहिए।’’

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने निर्वाचन आयोग से संदेह दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया।

पायलट ने कहा, ‘‘आयोग (निर्वाचन आयोग) को आगे आकर बताना चाहिए कि विसंगतियां कहां हुई हैं।’’

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और अन्य नेताओं ने भी कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

भाषा कुंज नरेश खारी

खारी


लेखक के बारे में