राजस्थान : जैसलमेर में दादागुरुदेव चादर महोत्सव संपन्न

राजस्थान : जैसलमेर में दादागुरुदेव चादर महोत्सव संपन्न

राजस्थान : जैसलमेर में दादागुरुदेव चादर महोत्सव संपन्न
Modified Date: March 9, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: March 9, 2026 4:54 pm IST

जैसलमेर, नौ मार्च (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर में आयोजित तीन दिवसीय दादागुरुदेव चादर महोत्सव रविवार को विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। आयोजकों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

आयोजकों के मुताबिक इस अवसर पर आचार्य जिनमणिप्रभा सुरीवरजी महाराज को महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने ‘राष्ट्र रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया।

दादागुरु श्री जिनदत्त सूरी चादर महोत्सव समिति, जैसलमेर जैन ट्रस्ट ने भी उन्हें ‘सुरी सम्राट’ की उपाधि प्रदान की। समारोह के दौरान उपाध्याय प्रवर महेंद्रसागर को आचार्य पद से अलंकृत किया गया।

दादागुरु श्री जिनदत्त सूरी चादर महोत्सव समिति के राष्ट्रीय सचिव पद्म टाटिया ने बताया कि इस अद्भुत समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने फोन कर इसकी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “ऐसे आयोजन राजस्थान में धर्म और अध्यात्म की भावना को सुदृढ़ करते हैं।”

समारोह में देश-विदेश से आए साधु-साध्वियों, संतों और हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने आचार्य महेंद्रसागर का जोरदार जयघोष के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर एक गणिनी पद समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें साध्वी शुभ्रदा श्रीजी को गणिनी की उपाधि प्रदान की गई।

यह चादर महोत्सव छह मार्च से प्रारंभ हुआ था। उद्घाटन दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने ‘धर्म सभा’ को संबोधित किया था।

भाषा

बाकोलिया

रवि कांत


लेखक के बारे में