राजस्थान : बांसवाड़ा में डंपिंग यार्ड के विरोध में पथराव, आठ घायल

राजस्थान : बांसवाड़ा में डंपिंग यार्ड के विरोध में पथराव, आठ घायल

राजस्थान : बांसवाड़ा में डंपिंग यार्ड के विरोध में पथराव, आठ घायल
Modified Date: March 17, 2026 / 10:48 pm IST
Published Date: March 17, 2026 10:48 pm IST

जयपुर, 17 मार्च (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मंगलवार को डंपिंग यार्ड के लिए भूमि सीमांकन करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों द्वारा कथित पथराव किए जाने से चार पुलिसकर्मियों और चार नगर परिषद कर्मचारियों सहित आठ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना हिंदोलिया चारण गांव में उस समय हुई, जब राजस्व अधिकारियों, पुलिस और नगर परिषद की टीम निर्धारित भूमि का सीमांकन करने पहुंची थी। उपखंड अधिकारी राकेश न्योल के अनुसार, टीम के मौके पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों से करीब 200–250 ग्रामीण प्रस्तावित डंपिंग यार्ड का विरोध कर रहे थे और कथित रूप से पास की पहाड़ियों से पत्थर फेंकने लगे, जिससे टीम को संभलने का मौका नहीं मिला।

इस पथराव में एसडीएम और तहसीलदार की सरकारी गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। घायलों में एक उपनिरीक्षक, एक सहायक उपनिरीक्षक, दो पुलिसकर्मी और चार नगर परिषद कर्मचारी शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, नगर परिषद को डंपिंग यार्ड के लिए करीब दो एकड़ भूमि आवंटित की गई थी और टीम उसी का सीमांकन करने गई थी।

नगर परिषद की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में