राजस्थान : सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन में घायल पूर्व सरपंच की मौत
राजस्थान : सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन में घायल पूर्व सरपंच की मौत
जयपुर, 18 फरवरी (भाषा) सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान वाहन की चपेट में आए पूर्व सरपंच की बुधवार को अजमेर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पूर्व सरपंच गोविंद राम गुर्जर की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण अस्पताल के मुर्दाघर के सामने एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और प्रदर्शन किया।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाना भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग अस्पताल परिसर में घुस गए और नारेबाजी की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को शांत करने में जुटे रहे।
घटना 11 फरवरी को हुई थी जब गोविंद राम अन्य ग्रामीणों के साथ डुमड़ा गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों ने सड़क पर अतिक्रमण की सूचना दी थी। विरोध-प्रदर्शन के दौरान गोविंद राम एक वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए थे।
उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था और बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी परमेश्वर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक

Facebook


