जयपुर, 28 फरवरी (भाषा) राजस्थान के उदयपुर जिले में सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के पास तेंदुए के संदिग्ध हमले में एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात को जिले के बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में हुई। किसान बाबूलाल गमेती (42) रात को एक कुएं के पास सोया हुआ था। शनिवार सुबह उसका शव कुछ मीटर दूर एक खेत से मिला।
बड़गांव की थाना प्रभारी किताब देवी ने कहा, “किसान गेहूं की फसल की सिंचाई करने के लिए अपने खेत में गया था और कुएं के पास बने एक कमरे की छत पर सो रहा था। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि रात में तेंदुए ने उस पर हमला किया और उसे घसीटकर ले गया।”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि खून के धब्बे सबसे पहले एक ग्रामीण ने देखे जो सुबह पंप चालू करने गया था।
उन्होंने कहा, “खून के निशान का पीछा करते हुए ग्रामीणों को खेत में एक लाश मिली और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद बड़गांव थाने और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।”
पुलिस के मुताबिक शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत