राजस्थान : दौसा जिले में कोष अधिकारी ने कथित तौर पर आत्महत्या की

राजस्थान : दौसा जिले में कोष अधिकारी ने कथित तौर पर आत्महत्या की

राजस्थान : दौसा जिले में कोष अधिकारी ने कथित तौर पर आत्महत्या की
Modified Date: June 12, 2026 / 01:10 pm IST
Published Date: June 12, 2026 1:10 pm IST

जयपुर, 12 जून (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में एक उपकोषाधिकारी (असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर) ने अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, महवा थाना क्षेत्र के सिंदुकी गांव के मनोज मीणा (45) ने बृहस्पतिवार रात अपने घर में फांसी लगा ली।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एक कथित ‘सुसाइड नोट’ मिला है जिसमें दो लोगों पर उसे परेशान करने का आरोप है। आरोपियों में भुसावर में तैनात एक नायब तहसीलदार का नाम भी है।

उन्होंने बताया कि नोट में मीणा ने यह कदम उठाने के लिए नायब तहसीलदार और उसके जीजा को जिम्मेदार ठहराया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सिकराय उपखंड के उप कोष कार्यालय (ट्रेजरी) में जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की मौत के मामले में मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद हुई।

परिवार वालों ने बताया कि बृहस्पतिवार को मीणा घर पर अकेले थे क्योंकि उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। कई बार फोन करने पर जब कोई जवाब नहीं आया तो शुक्रवार सुबह एक किराएदार को उनका हाल जानने के लिए भेजा गया, जिसके बाद घटना का पता चला।

इस मामले को जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा (25) की मौत से जुड़ा हुआ माना जा रहा है जिनकी कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी। उनके भाई ने 11 मई को मानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें मनोज मीणा पर परेशान करने और उसकी हत्या का आरोप लगाया गया था।

हालांकि मनोज ने इन इन आरोपों का खंडन किया था और कहा था कि घटना वाले दिन ऑफिस में कोई विवाद या तनाव नहीं था।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में