खाद के साथ जबरन दूसरे उत्पाद देने पर राजस्थान सरकार सख्त : कृषि मंत्री
खाद के साथ जबरन दूसरे उत्पाद देने पर राजस्थान सरकार सख्त : कृषि मंत्री
जयपुर, छह मार्च (भाषा) राजस्थान सरकार ने किसानों को उर्वरकों के साथ अन्य उत्पाद जोड़कर देने (अटैचमेंट) की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करते हुए इसके तहत 169 लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
मीणा ने कहा कि उर्वरकों के साथ किसानों को जबरन अन्य उत्पाद जोड़कर देने की शिकायतों पर राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत अधिसूचित 744 उर्वरक निरीक्षकों ने औचक निरीक्षण करते हुए 11,938 निरीक्षण किए तथा 18,319 उर्वरकों के नमूने लिए।
इस दौरान 765 फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 381 फर्मों की बिक्री पर रोक लगाई गई और 169 विक्रेताओं के विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित या निरस्त किए गए।
कृषि मंत्री ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक ललित मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कई बार उर्वरक के साथ ऐसे उत्पाद नत्थी (अटैच) कर दिए जाते हैं जिनकी किसानों को आवश्यकता नहीं होती, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक भार पड़ता है। इसे रोकने के लिए विभाग द्वारा उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों के जबरन ‘अटैचमेंट’ पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर निर्देश दिए गए हैं तथा उर्वरक विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं को भी चेताया गया है।
मंत्री ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर विक्रेताओं के पास मौजूद रहकर उर्वरकों का वितरण कराया गया। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर ‘फर्टिलाइजर रेगुलेटरी टास्क फोर्स’ का गठन भी किया गया है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


