राजस्थान: पुरानी रंजिश के चलते आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति की हत्या

राजस्थान: पुरानी रंजिश के चलते आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति की हत्या

राजस्थान: पुरानी रंजिश के चलते आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति  की हत्या
Modified Date: May 7, 2026 / 09:30 pm IST
Published Date: May 7, 2026 9:30 pm IST

जयपुर, सात मई (भाषा) राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले में पुरानी रंजिश के कारण कुछ बदमाशों ने आपराधिक रिकॉर्ड वाले एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक गिर्राज मीणा ने बताया कि मीणा बड़ौदा गांव का निवासी अवधेश अपने दो रिश्तेदारों के साथ विवाह समारोह में शामिल होकर गांव लौट रहा था।

मीणा ने कहा कि इस दौरान अवधेश के रिश्तेदार पेशाब करने के लिए रुक गए और वह मोटरसाइकिल पर बैठा रहा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान पीछे से कार में सवार एक गिरोह के करीब 20 बदमाशों ने पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर अवधेश के पैरों पर गोली चलाई।

मीणा ने कहा कि उन्होंने अवधेश पर लोहे के पाइप से भी हमला कर दिया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अवधेश को जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि दोनों ही पक्षों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अवधेश के खिलाफ 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में