राजस्थान: सरकारी अस्पताल से हत्या का आरोपी फरार, पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
राजस्थान: सरकारी अस्पताल से हत्या का आरोपी फरार, पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
कोटा, 10 मार्च (भाषा) राजस्थान के बारां जिले में हत्या के एक मामले में आरोपी सोमवार देर रात जिले के एक सरकारी अस्पताल से कथित तौर पर फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और कैदी के साथ तैनात पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला बबलू जाट बारां जिले के छुपाबरोद थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में 19 वर्षों से फरार था।
पुलिस ने बताया कि हाल ही में ग्वालियर की एक विशेष टीम ने एक महीने तक चले व्यापक तलाशी अभियान के बाद बबलू को गिरफ्तार किया था और उसे छुपाबरोद पुलिस को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसे छाबड़ा जेल में डाल दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद आरोपी को बारां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान पुलिसकर्मियों व सुरक्षा गार्डों को उसके साथ तैनात किया गया था।
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात आरोपी अस्पताल के कमरे की खिड़की तोड़कर और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को चकमा देकर कथित तौर पर फरार हो गया।
बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अस्पताल में मरीज के साथ तैनात एक हेड कांस्टेबल और चार गार्डों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई व प्रारंभिक विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि बबलू जाट पिछले 19 साल से ग्वालियर में रह रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अक्सर अपनी पहचान व हुलिया बदलता रहता था।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


