राजस्थान: बाड़मेर जिले में पटवारी 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Ads

राजस्थान: बाड़मेर जिले में पटवारी 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 08:01 PM IST

जयपुर, 20 जुलाई (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बाड़मेर जिले में एक पटवारी को 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एसीबी के अनुसार, पटवार मंडल ईटादा के पटवारी संजय कुमार मीणा को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो ने एक बयान में बताया, शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि कृषि भूमि का वाणिज्यिक रूपांतरण कराने के मामले में पटवारी उससे रिश्वत मांग रहा था।

ब्यूरो ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से 5,000 रुपये ले लिए थे।

बयान के अनुसार, एसीबी की टीम ने सोमवार को जाल बिछाया और आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एक अन्य मामले में एसीबी की टीम ने राजसमंद स्थित आर.के. चिकित्सालय के कनिष्ठ विशेषज्ञ (जनरल सर्जरी) डॉ. पंकज जैन को 1,300 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र