राजस्थान: पुलिस ने विदेशों में आकर्षक नौकरी की पेशकश को लेकर युवाओं को आगाह किया

राजस्थान: पुलिस ने विदेशों में आकर्षक नौकरी की पेशकश को लेकर युवाओं को आगाह किया

राजस्थान: पुलिस ने विदेशों में आकर्षक नौकरी की पेशकश को लेकर युवाओं को आगाह किया
Modified Date: August 11, 2026 / 03:30 pm IST
Published Date: August 11, 2026 3:30 pm IST

जयपुर, 11 अगस्त (भाषा) राजस्थान पुलिस ने विदेश में आकर्षक रोजगार या नौकरी की पेशकश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर युवाओं को आगाह किया और बताया कि अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह विदेश में नौकरी और मोटी तनख्वाह का झांसा देकर युवाओं को ‘साइबर स्लेवरी’ यानी डिजिटल गुलामी के जाल में फंसा रहे हैं।

राजस्थान पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने परामर्श जारी कर युवाओं और उनके परिजनों से ऐसे फर्जी ‘जॉब ऑफर’ से सावधान रहने की अपील की।

अतिरिक्त महानिदेशक (साइबर अपराध) वी. के. सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ‘स्कैम सिंडिकेट’ बेरोजगार और महत्वाकांक्षी युवाओं को कंबोडिया, म्यांमा, लाओस, थाईलैंड सहित दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में आकर्षक वेतन, मुफ्त आवास तथा अन्य सुविधाओं का लालच देकर विदेश ले जाते हैं।

उन्होंने बताया कि वहां पहुंचने के बाद युवाओं के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त कर उन्हें बंधक बनाया जाता है और जबरन ऑनलाइन ठगी के काम में लगाया जाता है।

सिंह ने एक बयान में बताया कि साइबर अपराधी ‘फेसबुक’, ‘इंस्टाग्राम’, ‘टेलीग्राम’ और ‘व्हाट्सऐप’ पर डेटा एंट्री ऑपरेटर, ग्राहक सहायता, आईटी, होटल में वेटर और ‘वर्क फ्रॉम होम’ जैसी नौकरियों के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित करते हैं।

उन्होंने बताया कि कई बार समाचार पत्रों में भी ऐसे विज्ञापन प्रकाशित किए जाते हैं।

अधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों में युवाओं को बिना पर्याप्त जांच के नौकरी का भरोसा दिलाकर वैध रोजगार वीजा के बजाय पर्यटक वीजा पर विदेश भेज दिया जाता है और गंतव्य देश पहुंचने के बाद एजेंट या गिरोह के सदस्य उनका पासपोर्ट व मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लेते हैं तथा इसके बाद पीड़ितों को ऑनलाइन ठगी के लिए मजबूर किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने पर पीड़ितों को धमकाने और प्रताड़ित करने के साथ-साथ भारत में मौजूद उनके परिजनों से फिरौती मांगने की आशंका भी रहती है। राजस्थान पुलिस ने युवाओं से विदेश में नौकरी के लिए जाने से पहले भर्ती एजेंसी की वैधता की जांच अवश्य करने की अपील की।

पुलिस ने बताया कि वे हमेशा वैध रोजगार वीजा पर ही विदेश जाएं और पर्यटक वीजा पर नौकरी करने के लिए विदेश न जाएं।

पुलिस ने परामर्श में कहा कि विदेश जाने वाले युवा पासपोर्ट, वीजा और अनुबंध पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां अपने परिवार के पास सुरक्षित रखें तथा जिस देश में जा रहे हैं, वहां स्थित भारतीय दूतावास का संपर्क नंबर अपने पास जरूर रखें।

पुलिस ने युवाओं को गैर-पंजीकृत एजेंटों को नौकरी के नाम पर अग्रिम राशि नहीं देने और सोशल मीडिया या समाचार पत्रों में प्रकाशित अज्ञात नौकरी के विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की सलाह दी।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में