भाजपा को मनमोहन सिंह से माफी मांगनी चाहिए: केरल के मुख्यमंत्री
भाजपा को मनमोहन सिंह से माफी मांगनी चाहिए: केरल के मुख्यमंत्री
तिरुवनंतपुरम, 11 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि कथित कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाला मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बरी किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पूर्व प्रधानमंत्री से माफी मांगनी चाहिए।
सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उच्चतम न्यायालय के 29 जुलाई के फैसले से यह साबित हो गया कि सिंह की ईमानदारी पर कभी कोई शक नहीं था।
मुख्यमंत्री ने एक राष्ट्रीय दैनिक में प्रकाशित कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के लेख का जिक्र करते हुए ये बात कही। लेख का शीर्षक था, ‘इतिहास डॉ. मनमोहन सिंह को प्रभावशाली प्रधानमंत्री के रूप में याद रखेगा’।
सतीशन ने इसी पोस्ट में कहा कि वर्षों तक सिंह के कामकाज के रिकॉर्ड को दबाने और उन्हें बदनाम करने के लिए लगातार अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘वर्षों तक एक मनगढ़ंत घोटाले और लगातार बदनाम करने के अभियान का इस्तेमाल करके उस व्यक्ति के कामकाज के रिकॉर्ड को दबाने की कोशिश की गई, जिसने भारत को सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, वन अधिकार अधिनियम और शिक्षा का अधिकार जैसे कानून दिए। इसमें राज्यसभा में की गई वह अमर्यादित ‘रेनकोट’ वाली टिप्पणी भी शामिल है।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में सोनिया गांधी का लेख इस बात को स्पष्ट और गरिमापूर्ण ढंग से रखता है और इसे पूरा पढ़ा जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि इतिहास सिंह को एक शांत और सौम्य व्यक्ति के रूप में याद रखेगा, जो ‘‘इस गणतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण प्रधानमंत्रियों में से एक’’ थे।
सतीशन ने कहा, ‘‘भाजपा को उनसे माफी मांगनी चाहिए।’’
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


