राजस्थान : शिक्षक भर्ती परीक्षा में ‘डमी परीक्षार्थियों’ पर एसओजी की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार

राजस्थान : शिक्षक भर्ती परीक्षा में ‘डमी परीक्षार्थियों’ पर एसओजी की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार

राजस्थान : शिक्षक भर्ती परीक्षा में ‘डमी परीक्षार्थियों’ पर एसओजी की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
Modified Date: February 17, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: February 17, 2026 9:22 pm IST

जयपुर, 17 फरवरी (भाषा) राजस्थान विशेष संचालन समूह (एसओजी) ने मंगलवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 से जुड़े पांच कथित ‘डमी परीक्षार्थियों’ (अन्य के स्थान पर परीक्षा देने वाले) को गिरफ्तार किया है। प्रत्येक पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, कोलकाता, जयपुर, कोटा और जालोर सहित छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर गिरफ्तारियां की गईं।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित वरिष्ठ शिक्षक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 के अंतर्गत सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा 24 दिसंबर 2022 को आयोजित की गई थी। सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान विषय का प्रश्न पत्र लीक होने के कारण यह परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुन: आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि शिकायतें मिली थीं कि कुछ अभ्यर्थियों द्वारा डमी परीक्षार्थियों के माध्यम से परीक्षा उत्तीर्ण कर अध्यापक पद पर नियुक्ति प्राप्त कर ली गई।

प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज किया गया और इसकी पड़ताल के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया।

बंसल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन एमबीबीएस छात्र और सरकारी विद्यालय के दो शिक्षक शामिल हैं। एक एमबीबीएस छात्र को हिरासत में भी लिया गया है, जिसकी भूमिका संदिग्ध है।

इन पर आरोप है कि उन्होंने असली उम्मीदवारों की जगह परीक्षा दी और इसके बदले तीन से पांच लाख रुपये तक की राशि ली।

गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार बिश्नोई जयपुर में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है। इसने गिरफ्तार हो चुके मूल अभ्यर्थी जालोर निवासी दिनेश कुमार गोदारा के स्थान पर वर्ष 2022 में परीक्षा दी। महिपाल बिश्नोई कोटा में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है। इसने गिरफ्तार हो चुके गंगापुरसिटी निवासी मूल अभ्यर्थी सूरतराम मीणा के स्थान पर वर्ष 2022 में परीक्षा दी।

इसी तरह, सही राम पोर्ट ब्लेयर में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है। इसने मूल अभ्यर्थी सांचौर निवासी दिनेश कुमार के स्थान पर वर्ष 2022 में परीक्षा दी। हनुमान राम सरकारी शिक्षक है। इसने बाड़मेर के धोरीमन्ना निवासी मूल अभ्यर्थी अशोक कुमार बिश्नोई के स्थान पर वर्ष 2023 में परीक्षा दी। इसी तरह निवास कुराडा सरकारी शिक्षक है। इसने जालोर के करावड़ी निवासी मूल अभ्यर्थी मनोहर सिंह बिश्नोई के स्थान पर वर्ष 2023 में परीक्षा दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस कोलकाता में एमबीबीएस का छात्र है। इसने जालोर के करावड़ी निवासी मूल अभ्यर्थी मनोहर सिंह बिश्नोई के स्थान पर वर्ष 2022 में परीक्षा दी। प्रिंस को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि ‘डमी परीक्षार्थियों’ की गिरफ्तारी के लिए दस-दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस प्रकरण में अब तक कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 12 मूल अभ्यर्थी, 9 डमी परीक्षार्थी और पांच बिचौलिए शामिल हैं।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक


लेखक के बारे में