राजस्थान : बीकानेर में सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत
राजस्थान : बीकानेर में सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत
जयपुर, आठ सितंबर (भाषा) बीकानेर जिले में जोधपुर राजमार्ग पर एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक रिश्ते में भाई थे।
उन्होंने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात गंगाशहर थाना क्षेत्र में पलाना और उदयरामसर के बीच हुआ जब तीनों बीकानेर शहर से अपने गांव लौट रहे थे।
थानाधिकारी गणेश बिश्नोई के अनुसार, मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर गांव के चंद्रराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थानाधिकारी ने कहा कि हादसे के समय कोई चश्मदीद नहीं था और अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गलती किसकी थी।
हादसे के बाद एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी।
भाषा पृथ्वी
मनीषा
मनीषा

Facebook


