राजस्थान: टोंक जिले में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल

राजस्थान: टोंक जिले में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल

राजस्थान: टोंक जिले में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल
Modified Date: July 20, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: July 20, 2026 3:07 pm IST

जयपुर, 20 जुलाई (भाषा) राजस्थान के टोंक जिले में सोमवार को तेंदुए के हमले में शराब की दुकान के एक ‘सेल्समैन’ समेत दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना टोडारायसिंह कस्बे में हुई जहां तेंदुए ने पहले शराब की दुकान के बाहर एक व्यक्ति फतेह लाल कोली (40) पर हमला किया। इसके बाद वह दुकान के अंदर घुस गया और वहां मौजूद ‘सेल्समैन’ संजय गुर्जर (25) पर भी हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, ‘सेल्समैन’ किसी तरह दुकान से बाहर निकलने में सफल रहा।

उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रयास शुरू किए। तेंदुए को बेहोश करने के लिए प्रशिक्षित टीम को भी मौके पर भेजा गया।

घटना के बाद शराब की दुकान के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

अधिकारियों के अनुसार, दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज से पूरी घटना की जानकारी मिली।

भाषा बाकोलिया सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में