राजस्थान : नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के हमले में महिला सफाईकर्मी की मौत

राजस्थान : नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के हमले में महिला सफाईकर्मी की मौत

राजस्थान : नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के हमले में महिला सफाईकर्मी की मौत
Modified Date: September 2, 2026 / 01:03 pm IST
Published Date: September 2, 2026 1:03 pm IST

जयपुर, दो सितंबर (भाषा) जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बुधवार सुबह बाघ के हमले में एक महिला सफाईकर्मी की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मृतका की पहचान नागल सुसावतान निवासी सुगना देवी के रूप में हुई है। वह उद्यान में सफाई और रखरखाव का काम करती थी।

अधिकारियों के अनुसार, सुगना देवी बाघ के बाड़े संख्या 16 में सफाई कर रही थी, तभी बाघ ‘शिवाजी’ ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में बाड़े के खुले रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में कथित लापरवाही की आशंका जताई गई है। आमतौर पर सफाई या रखरखाव से पहले बाघ को सुरक्षित स्थान में बंद किया जाता है।

आमेर के थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला बाड़े में कैसे पहुंची और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद बाड़े वाले क्षेत्र को खाली करा दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में