नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को देश की खेल अर्थव्यवस्था को नयी दिशा प्रदान करने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने यहां आदित्य बिरला मेमोरियल पोलो कप के फाइनल मैच में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सरकार कई पहलों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है जहां खिलाड़ियों और युवाओं को अवसर, संसाधन उपलब्ध हों तथा उन्हें सम्मान मिले।’’
सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को और बढ़ाने के लिए इस क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ाने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर सरकार, निजी क्षेत्र और विभिन्न सामाजिक समूह मिलकर काम करें तो निकट भविष्य में भारत खेलों, विशेष रूप से पोलो में, अपनी एक मजबूत वैश्विक पहचान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि पोलो देश की खेल परंपराओं में गहराई से निहित है और इसे सही मायने में भारत का ‘‘धरोहर खेल’’ घोषित किया जा सकता है।
सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने पोलो के खेल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लाने और इसकी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भाषा नेत्रपाल खारी
खारी