राज्यसभा चुनाव: भाजपा उम्मीदवार सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर ने दाखिल किए नामांकन

राज्यसभा चुनाव: भाजपा उम्मीदवार सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर ने दाखिल किए नामांकन

राज्यसभा चुनाव: भाजपा उम्मीदवार सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर ने दाखिल किए नामांकन
Modified Date: June 8, 2026 / 03:54 pm IST
Published Date: June 8, 2026 3:54 pm IST

जयपुर, आठ जून (भाषा) राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों– सतीश पूनिया और अल्का गुर्जर ने सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किए।

इससे पहले विधानसभा में भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि पूनिया और गुर्जर का अनुभव न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के लिए लाभकारी होगा।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा में इन दोनों का प्रवेश राज्य के लिए गर्व का विषय होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है और राजस्थान में “डबल इंजन सरकार” विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के लिए काम कर रही है।

उन्होंने ग्राम विकास रथ, ग्राम विकास चौपाल और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिनसे विकास और जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप मिला है।

शर्मा ने विधायकों से मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने आह्वान किया।

बैठक के बाद पूनिया और गुर्जर ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजय कुमार मौजूद रहे।

राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीट के लिए चुनाव 18 जून को होंगे। यह चुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि 21 जून को कांग्रेस सांसद नीरज डांगी और भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कांग्रेस ने डांगी को उम्मीदवार बनाया है।

राजस्थान में कुल 10 राज्यसभा सीट हैं, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के पास पांच–पांच सदस्य हैं। भाजपा के दो सीट जीतने की संभावना है, जबकि कांग्रेस एक सीट पर काबिज हो सकती है।

विधानसभा में भाजपा के पास 118 विधायक, कांग्रेस के पास 67 विधायक हैं। अन्य दलों में बहुजन समाज पार्टी के दो, भारत आदिवासी पार्टी के चार और राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है, जबकि आठ निर्दलीय सदस्य भी हैं।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में