राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक सोमवार को; एसआईटी रिपोर्ट और इस्तीफों पर चर्चा की संभावना

Ads

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक सोमवार को; एसआईटी रिपोर्ट और इस्तीफों पर चर्चा की संभावना

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 03:28 PM IST

अयोध्या (उप्र), चार जुलाई (भाषा) राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट और न्यासियों के इस्तीफों पर चर्चा के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य सोमवार को यहां मणि रामदास छावनी में बैठक करेंगे।

‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा देखे गए बैठक के एजेंडे के अनुसार बैठक अपराह्न तीन बजे निर्धारित है।

सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर के कामकाज के प्रबंधन के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा हो सकती है।

शनिवार को अधिकारियों ने बैठक के पांच बिंदुओं वाले एजेंडे की पुष्टि की, जिसमें पहला मुद्दा महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा का है। चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से ये दोनों और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव विवादों के केंद्र में रहे हैं।

यह बैठक आरोपों की दो समानांतर जांच के बीच होने वाली है। इनमें से एक जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है, जिसका कार्यकाल जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है, जबकि दूसरी जांच पुलिस कर रही है।

एसआईटी और पुलिस ट्रस्ट के तीनों वरिष्ठ अधिकारियों के बयान दर्ज कर चुकी हैं। हालांकि तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

एजेंडे के अन्य बिंदुओं में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए गैर लेखापरीक्षित आय-व्यय विवरण और बैलेंस शीट, अन्य वित्तीय विवरणों पर चर्चा और उनकी स्वीकृति के बारे में जानकारी देना शामिल है।

बैठक का एजेंडा कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने जारी किया है।

ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्य गोपाल दास उम्र से जुड़ी समस्याओं के कारण पिछली बैठकों में डिजिटल माध्यम से शामिल हुए थे। वह फिलहाल अस्वस्थ हैं और लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।

अस्पताल ने शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा था कि दास को दो-तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है।

मणि रामदास छावनी, महंत नृत्य गोपाल दास का आश्रम है।

एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में नामजद आठ लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

हालांकि पहले इन सभी को 23 जुलाई तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक अविनाश शुक्ला की पुलिस हिरासत मांगी और उसे मंजूरी भी मिल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सबूत अयोध्या स्थित शुक्ला के घर से बरामद किए गए हैं।

भाषा सं जफर मनीष रंजन जोहेब

जोहेब