```php
चेन्नई, चार जुलाई (भाषा) तमिलनाडु सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) के अधिकारियों ने राज्य भर में नगर निकायों के कार्यालयों में एक साथ छापेमारी की। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 31.27 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त करने के साथ यूपीआई के जरिए किए गए 26.7 लाख रुपये के लेन-देन का भी पता चला है।
उनके मुताबिक, इस कार्रवाई में सबसे बड़ी नकदी जब्ती तूतीकोरिन नगर निगम के कार्यालय से हुई, जहां से 7.49 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं, गूगल पे के जरिए सबसे अधिक 5.79 लाख रुपये का लेन-देन तिरुपथुर नगर पालिका कार्यालय में पाया गया।
अधिकारी के अनुसार, डीवीएसी ने तीन जुलाई को 41 नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यालयों में औचक निरीक्षण किया था।
इस दौरान सामने आई कुल ‘संदिग्ध बेहिसाब राशि’ का मूल्य 57.98 लाख रुपये दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस धन के स्रोतों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह रकम नागरिकों को निगम सेवाएं देने के बदले अवैध रूप से रिश्वत के तौर पर वसूली गई थी।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन