ओहायो के शानदार गवर्नर साबित होंगे रामास्वामी : वेंस

ओहायो के शानदार गवर्नर साबित होंगे रामास्वामी : वेंस

ओहायो के शानदार गवर्नर साबित होंगे रामास्वामी : वेंस
Modified Date: August 22, 2026 / 01:06 pm IST
Published Date: August 22, 2026 1:06 pm IST

वाशिंगटन, 22 अगस्त (भाषा) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस ने ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार एवं अपने ‘‘करीबी मित्र’’ विवेक रामास्वामी का समर्थन करते हुए कहा है कि उद्यमी से नेता बने भारतीय-अमेरिकी रामास्वामी ‘‘एक शानदार गवर्नर साबित होंगे।’’

वेंस ने 41 वर्षीय रामास्वामी का समर्थन ऐसे समय में किया है जब कुछ सप्ताह पहले सिनसिनाटी में ‘यंग अमेरिकन्स फॉर लिबर्टी’ के सम्मेलन में उनकी कुछ टिप्पणियों से नाराज लोगों ने उनका विरोध किया था और उन्हें तय समय से पहले मंच छोड़ना पड़ा था।

वेंस ने शुक्रवार को ओहायो में एक रैली में कहा, ‘‘मेरा मानना है कि हमारे पास गवर्नर पद के लिए एक बेहतरीन उम्मीदवार ही नहीं, बल्कि ओहायो का अगला शानदार गवर्नर भी है- मेरे मित्र विवेक रामास्वामी।’’

रामास्वामी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन से मई में रिपब्लिकन पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीता था और वह नवंबर में होने वाले गवर्नर पद के चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार बने।

रामास्वामी इससे पहले ट्रंप के सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) के सह-अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 2024 में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू किया था लेकिन वह बाद में इस दौड़ से पीछे हट गए और उन्होंने ट्रंप का समर्थन किया।

केरल से अमेरिका आए प्रवासी भारतीय माता-पिता के बेटे रामास्वामी का जन्म ओहायो के सिनसिनाटी में हुआ था।

उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी और वित्तीय क्षेत्र में आने से पहले हार्वर्ड विश्वविद्यालय और येल लॉ स्कूल में पढ़ाई की।

रामास्वामी जैव प्रौद्योगिकी कंपनी ‘रोइवेंट साइंसेज’ के संस्थापक हैं और 2014 से 2021 तक इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रहे।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में