विदेशों में भी रणथम्भौर का आकर्षण, अमेरिका समेत कई देशों के पर्यटकों ने कराई सफारी बुकिंग

विदेशों में भी रणथम्भौर का आकर्षण, अमेरिका समेत कई देशों के पर्यटकों ने कराई सफारी बुकिंग

विदेशों में भी रणथम्भौर का आकर्षण, अमेरिका समेत कई देशों के पर्यटकों ने कराई सफारी बुकिंग
Modified Date: August 2, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: August 2, 2026 8:21 pm IST

जयपुर, दो अगस्त (भाषा) राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथम्भौर बाघ अभयारण्य के नए पर्यटन सत्र के लिए अग्रिम सफारी बुकिंग शुरू होते ही देश-विदेश के पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

एक अक्टूबर से 31 दिसंबर, 2026 तक की सफारी के लिए एक अगस्त को दोपहर 12 बजे बुकिंग विंडो खुलने के बाद शुरुआती दो घंटे में करीब 40 हजार पर्यटकों ने पंजीकरण कराया। इनमें लगभग 14 हजार विदेशी पर्यटक शामिल हैं। रणथम्भौर प्रशासन ने रविवार को यह जानकारी दी।

प्रशासन के अनुसार, बुकिंग शुरू होते ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों ने एक साथ आधिकारिक पोर्टल का उपयोग किया, जिससे उस पर ट्रैफिक कई गुना बढ़ गया। इसके बावजूद पोर्टल, सत्यापन प्रक्रिया, बुकिंग प्रणाली और लाइव रिपोर्टिंग बिना किसी व्यवधान के संचालित होती रही। अत्यधिक डिजिटल ट्रैफिक के बावजूद पर्यटकों को किसी तकनीकी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।

रणथम्भौर बाघ अभयारण्य के उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नयी व्यवस्था की एक विशेषता यह रही कि बुकिंग शुरू होने के दो घंटे बाद भी विभिन्न सफारी विकल्पों में सीटें उपलब्ध थीं। दिवाली, क्रिसमस और अन्य अवकाश वाले दिनों की कई तिथियों पर भी सीटें खाली थीं।

उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सीटों की उपलब्धता रीयल-टाइम में प्रदर्शित होने से पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार तिथि और सफारी का चयन कर सके। इससे बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक हो गई।

उन्होंने कहा, ‘‘बुकिंग के दौरान पोर्टल पर भारी डिजिटल ट्रैफिक के साथ साइबर हमलों और अनधिकृत गतिविधियों के प्रयास भी दर्ज किए गए। सुरक्षा प्रणाली ने करीब 20 लाख संदिग्ध साइबर हमलों, 150 से अधिक संदिग्ध आईपी पते और दो करोड़ से अधिक फर्जी अनुरोधों को सफलतापूर्वक ब्लॉक कर दिया। इसके बावजूद पूरी बुकिंग प्रक्रिया के दौरान पोर्टल सामान्य रूप से संचालित होता रहा।’’

मानस सिंह ने बताया कि इस पर्यटन सत्र में पहली बार विदेशी पर्यटकों को अपने-अपने देशों से ही आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से सीधे सफारी बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। पहले ही दिन इसका सकारात्मक असर देखने को मिला। कुल बुकिंग में लगभग 40 प्रतिशत हिस्सेदारी विदेशी पर्यटकों की रही। इनमें करीब 200 विदेशी पर्यटकों ने स्वयं आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन कर सीधे बुकिंग की।

अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड सहित कई देशों से ऑनलाइन बुकिंग दर्ज की गई।

रणथम्भौर प्रशासन के अनुसार, नयी डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और सभी पर्यटकों के लिए समान अवसर वाला बनाना है। प्रशासन को उम्मीद है कि नयी प्रणाली के जरिए आने वाले पर्यटन सत्र में पर्यटकों को पहले की तुलना में अधिक सहज, सुरक्षित और पारदर्शी बुकिंग अनुभव मिलेगा।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में