चेन्नई, 21 जुलाई (भाषा) रैपर ‘थेरुकुरल’ अरिवु ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के विरोध में मंगलवार को यहां तमिलनाडु सचिवालय के बाहर धरना दिया।
सचिवालय में तैनात पुलिसकर्मियों ने शुरुआत में अरिवु को धरनास्थल से हटाया, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर उन्हें सचिवालय के भीतर ले जाया गया, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान अरिवु ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रवेश परीक्षा को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
बैठक के बाद लोक निर्माण एवं खेल मंत्री आधव अर्जुन उन्हें निकास द्वार तक छोड़ने आए।
राज्य सरकार नीट को समाप्त करने की वकालत करती रही है और उसकी मांग है कि तमिलनाडु के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला उम्मीदवारों के 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर ही किया जाना चाहिए।
इस बीच, द्रमुक सांसद कनिमोझी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह आलोचना करने वाले यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर जेल भेज रही है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने अरिवु के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि रैपर की आवाज न केवल तमिलनाडु बल्कि देशभर के करोड़ों लोगों की भावनाओं और मांगों को दर्शाती है।
भाषा
सुमित सुरेश
सुरेश