रास : पुरी के आईटीडीसी होटल के पुनरुद्धार की मांग कर रहे सुभाशीष खूंटिया का भाजपा सांसद पर तंज

रास : पुरी के आईटीडीसी होटल के पुनरुद्धार की मांग कर रहे सुभाशीष खूंटिया का भाजपा सांसद पर तंज

रास : पुरी के आईटीडीसी होटल के पुनरुद्धार की मांग कर रहे सुभाशीष खूंटिया का भाजपा सांसद पर तंज
Modified Date: March 27, 2026 / 03:06 pm IST
Published Date: March 27, 2026 3:06 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) राज्यसभा में शुक्रवार को बीजू जनता दल के सांसद सुभाशीष खूंटिया ने पुरी स्थित ‘निरांचल अशोक होटल’ के पुनरुद्धार की मांग करते हुए इसे उपेक्षा का शिकार बताया और इस मुद्दे को लेकर स्थानीय भाजपा सांसद पर निशाना साधा।

उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए खूंटिया ने कहा कि समुद्र के किनारे स्थित यह होटल पुरी के एक प्रमुख स्थान पर है, जो देश के पवित्र चार धामों में से एक है और हर साल लाखों श्रद्धालु वहां जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पुरी एक प्रमुख पर्यटन सर्किट का हिस्सा भी है, जो कोणार्क सूर्य मंदिर और चिलिका झील के करीब स्थित है।

खूंटिया ने कहा, “कभी प्रतिष्ठित रही यह संपत्ति अब जर्जर ढांचे में बदल गई है, जिससे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पुरी की छवि प्रभावित हो रही है।”

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी मूल्यवान सरकारी संपत्ति को ऐसे समय में उपेक्षित छोड़ दिया गया है, जब शहर में गुणवत्तापूर्ण आवास की मांग बहुत अधिक है।

बीजद नेता ने स्थानीय भाजपा सांसद पर निशाना साधते हुए कहा, “पुरी के वर्तमान सांसद पहले भारतीय पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में इस होटल के पुनरुद्धार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”

उन्होंने कहा कि होटल की वर्तमान स्थिति सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के विपरीत है।

खूंटिया ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से होटल के पुनरुद्धार के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे पर्यटन ढांचे को भी मजबूती मिलेगी और पुरी की समृद्ध विरासत तथा आतिथ्य परंपरा को भी पुनर्जीवित किया जा सकेगा।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में