अनुष्ठान, मंत्रोच्चार और श्रद्धा के बीच प्रसिद्ध मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में पुन: प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

Ads

अनुष्ठान, मंत्रोच्चार और श्रद्धा के बीच प्रसिद्ध मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में पुन: प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 11:18 AM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 11:18 AM IST

मदुरै, 17 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै स्थित प्रसिद्ध श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में बृहस्पतिवार को महाकुंभाभिषेक (पुन: प्रतिष्ठा समारोह) का आयोजन वैदिक मंत्रों के उच्चारण और हजारों श्रद्धालुओं की भक्ति के बीच किया गया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस भव्य आयोजन को देखने के लिए मंदिर पहुंचे थे। पुजारियों ने अनुष्ठान किए और मीनाक्षी अम्मन मंदिर के विमानम (शिखर) तथा सुंदरेश्वर स्वामी मंदिर के विमानम पर जल से अभिषेक किया।

इस दौरान श्रद्धालु विशाल मंदिर के टावरों के आसपास खड़े होकर समारोह देखते रहे।

इसके बाद महा दीपाराधना (विशेष दीप पूजा) की गई। बाद में पुजारियों ने श्रद्धालुओं पर जल का छिड़काव किया।

मंदिर के एक सूत्र के अनुसार, यह समारोह सुबह 7:45 बजे से 8:10 बजे के बीच आयोजित किया गया।

यागशाला अनुष्ठान 11 सितंबर से शुरू हुए थे और 16 सितंबर तक जारी रहे। कुंभाभिषेक समारोह से पहले बुधवार रात मंदिर को सजाया गया था। 17 साल के अंतराल के बाद यह समारोह आयोजित किया गया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु बुधवार रात ही मंदिर पहुंच गए थे और सुबह शुरू हुए समारोह को देखने के लिए मंदिर के आसपास स्थान बना लिया था।

इस भव्य समारोह से पहले तमिलनाडु हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने 32.29 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर में बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार कार्य कराया।

इसके तहत मंदिर में 186 अलग-अलग पुनरुद्धार कार्य किए गए।

पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञों के कड़े मार्गदर्शन में सभी 14 भव्य प्रवेश द्वार टावरों की पूरी तरह सफाई, संरचनात्मक मरम्मत और फिर से रंगाई की गई है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन