पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान जारी
पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान जारी
कोलकाता, 21 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान शुरू हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, 285 बूथों पर 11 लाख महिलाओं और नौ ट्रांसजेंडर मतदाताओं सहित कुल 23 लाख से अधिक मतदाता मतदान करने के पात्र हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को फाल्टा में हुए मतदान के दौरान ‘‘गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन’’ के आरोपों के बाद पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था।
तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान सहित कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, खान ने मंगलवार को चुनाव से पीछे हटने की घोषणा की थी।
खान के पीछे हटने की घोषणा के बावजूद उनका नाम ईवीएम में दर्ज रहा, क्योंकि वह आधिकारिक तौर पर अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ले सके। अन्य उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देबांग्शु पांडा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के शंभू नाथ कुर्मी और कांग्रेस के अब्दुर रजाक मोला शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुनर्मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कुल 35 कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रत्येक बूथ पर आठ जवान तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान प्रत्येक बूथ पर केवल चार जवान तैनात थे।
इसके अतिरिक्त, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए 30 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी तैयार रखे गए हैं।
पिछले मतदान के दौरान ईवीएम पर सुगंधित पदार्थों और चिपकने वाली टेपों के इस्तेमाल के आरोपों के सामने आने के बाद से इस निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक तनाव उच्च बना हुआ है।
निर्वाचन आयोग के पूर्व विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा कर जांच की थी, जिसके बाद कम से कम 60 बूथों पर कथित छेड़छाड़ के सबूत पाए गए थे।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


