गुरुग्राम, एक मार्च (भाषा) गुरुग्राम में एक रियल एस्टेट कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को कई वकीलों से छह करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने एक परियोजना में निवेश के बदले अच्छे मुनाफे का झांसा देकर उनसे यह रकम ऐंठी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर 42 का निवासी आरोपी पुनीत बेरीवाला (62) को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और शनिवार को एक अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपी ‘विपुल लिमिटेड’ का सीईओ है।
पिछले साल एक अक्टूबर को दर्ज कराई गई शिकायत में कुछ वकीलों ने आरोप लगाया था कि बेरीवाला द्वारा अच्छे मुनाफे का वादा किए जाने के बाद उन्होंने साल 2024 में ‘विपुल लिमिटेड’ की एक परियोजना में छह करोड़ रुपये निवेश किया था।
शिकायत में कहा गया है कि पैसा मिलने के बाद बेरीवाला ने जवाब देना बंद कर दिया और बार-बार अनुरोध के बावजूद उसने पैसे वापस नहीं किए।
पिछले साल अगस्त में, शिकायतकर्ताओं ने यहां ‘वी क्लब’ के बाहर प्रदर्शन किया था और नारेबाजी करते हुए बेरीवाला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर शिवाजी नगर थाने में बेरीवाला और उसके सहयोगी, सुनील भंडारी और प्रवीण गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी।
पुलिस ने कहा कि बेरीवाला ने बताया कि उसने वकीलों से लिए गए पैसे अन्य परियोजनाओं में निवेश कर दिए थे।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रहे हैं और उसके सहयोगियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।’’
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि