पुलिसकर्मी की गोलीबारी में मारे गए युवक के परिजनों से मिलीं रेखा गुप्ता

पुलिसकर्मी की गोलीबारी में मारे गए युवक के परिजनों से मिलीं रेखा गुप्ता

पुलिसकर्मी की गोलीबारी में मारे गए युवक के परिजनों से मिलीं रेखा गुप्ता
Modified Date: April 30, 2026 / 10:16 pm IST
Published Date: April 30, 2026 10:16 pm IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उस 21 वर्षीय युवक के परिजनों से बृहस्पतिवार को मुलाकात की जिसकी द्वारका में एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में पांडव कुमार के परिवार से मुलाकात की और कहा कि एक बेटे का असामयिक निधन माता-पिता के लिए एक ऐसा गहरा दुख है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी तथा यह सुनिश्चित करेगी कि उन्हें न्याय मिले।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह घटना अस्वीकार्य है। आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिहार के बेटे से जुड़ी इस घटना की जांच में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।’

उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का कोई भी व्यक्ति जो दिल्ली आता है और शहर में रहता है, वह दिल्लीवासी है और एक बड़े परिवार का हिस्सा है तथा क्षेत्रवाद के नाम पर हिंसा और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पीड़ित परिवार और पुलिस के अनुसार, रविवार को एक विवाद के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल द्वारा कथित तौर पर जातिसूचक गालियां देने और फिर गोलियां चलाने से कुमार की मौत हो गई थी और उसका दोस्त घायल हो गया था।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना तब हुई जब खाना पहुंचाने का काम करने वाला कुमार और उसका दोस्त कृष्ण जाफरपुर कलां गांव में एक सड़क पर खड़े थे और आरोपी नीरज ने उनसे बहस के बाद कथित तौर पर बिल्कुल करीब से गोलियां चला दीं।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष


लेखक के बारे में