शोधकर्ताओं ने परमाणु प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बनाने के लिए विकिरण-रोधी सीमेंट मोर्टार विकसित किया
शोधकर्ताओं ने परमाणु प्रतिष्ठानों को सुरक्षित बनाने के लिए विकिरण-रोधी सीमेंट मोर्टार विकसित किया
नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने सीमेंट मोर्टार (सीमेंट, पानी और रेत को उचित अनुपात में मिलाकर तैयार किए गए मिश्रण) को अधिक मजबूत, टिकाऊ और हानिकारक विकिरण को रोकने में अधिक सक्षम बनाने की एक नयी विधि विकसित की है और इसका उद्देश्य परमाणु प्रतिष्ठानों को अधिक सुरक्षित बनाना है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि इस नए प्रकार के सीमेंट मोर्टार में ऐसी विशेषताएं जोड़ी गई हैं, जिससे यह सामान्य निर्माण सामग्री की तुलना में विकिरण को बेहतर तरीके से अवशोषित और अवरुद्ध कर सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस तकनीक से तैयार मोर्टार न केवल विकिरण से बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि इसकी मजबूती भी अधिक है, जिससे परमाणु प्रतिष्ठानों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित हो सकती है।
इस शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित जर्नल ‘मैटीरियल एडं स्ट्रक्चर्स’’ में प्रकाशित किए गए हैं। आईआईटी गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर हरिकेश शर्मा के अनुसार, शोधकर्ताओं ने पाया कि इस उन्नत मोर्टार से बने कंक्रीट में विकिरण के रिसाव (रेडिएशन लीकेज) के खतरे को कम करने की क्षमता है।
उन्होंने बताया कि इससे परमाणु रिएक्टरों और अन्य विकिरण-संवेदनशील प्रतिष्ठानों जैसे स्थानों में समग्र सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश

Facebook


