रेवंत रेड्डी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की

Ads

रेवंत रेड्डी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 10:36 AM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 10:36 AM IST

हैदराबाद, 16 मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग करते हुए शनिवार को कहा कि इस कदम का कई क्षेत्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाने के फैसले को ‘‘अनुचित’’ बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध का बहाना बनाकर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाना आम आदमी की कमर तोड़ने जैसा है।

रेड्डी ने दावा किया कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हालिया चुनाव से पहले मोदी सरकार बार-बार कह रही थी कि ‘‘पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘लेकिन चुनाव परिणाम आने के दस दिन के भीतर ही कीमतों में तीन रुपये से अधिक की बढ़ोतरी कर दी गई। यह जनता के साथ विश्वासघात है। लोगों को लगता है कि मोदी केवल वोट और चुनावी जीत के लिए ‘झूठ’ बोलते हैं। यह जनता के साथ धोखा है। मैं मांग करता हूं कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस ले।’’

रेड्डी के अनुसार, केंद्र सरकार की अक्षम प्रशासनिक व्यवस्था और गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और ‘आत्मनिर्भर’ केवल वोट बटोरने का नारा बनकर रह गया है, न कि ऐसा नीति मॉडल जिसने वास्तविक परिणाम दिए हों।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लघु और मध्यम उद्योग प्रभावित हुए हैं। युवाओं के रोजगार की कोई गारंटी नहीं बची है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा केवल वादा बनकर रह गया। पिछले दस वर्षों में रुपये की कीमत लगातार गिर रही है और अब यह गिरावट अपने चरम पर पहुंच गई है।’’

रेड्डी ने सवाल किया कि जब मोदी सरकार गर्व से दावा कर रही है कि उसने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया है, तो फिर वह पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने के फैसले को कैसे उचित ठहरा सकती है।

भाषा गोला अमित

अमित