हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को उन खबरों को लेकर जवाब देना चाहिए, जिनमें दावा किया गया कि वह अमेरिकी यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मिलने वाले थे। रेड्डी की अमेरिका यात्रा अब रद्द हो चुकी है।
राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘मीडिया की खबरों से सामने आया है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा तेलंगाना के लिए शिक्षा या निवेश के उद्देश्य से नहीं, बल्कि भारत विरोधी कट्टर विचार रखने वालों से मुलाकात करने के लिए थी, जो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वैचारिक गुरु भी हैं।’’
भाजपा नेता ने 21 अगस्त को लंदन में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की यात्रा के दौरान ब्लावाटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट की प्रोफेसर माया ट्यूडर और बैलियोल कॉलेज के प्रोफेसर फैसल देवजी से रेवंत रेड्डी की मुलाकात का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दोनों प्रोफेसर ने ‘‘भारत विरोधी लेख’’ लिखे हैं।
राव ने दावा किया कि अमेरिका में रेवंत रेड्डी जोहरान ममदानी से मिलना चाहते थे, जो अपने ‘‘भारत विरोधी विचारों’’ के लिए जाने जाते हैं। राव ने कहा, ‘‘रेवंत रेड्डी की उनसे मुलाकात का क्या उद्देश्य था? जनता जवाब मांग रही है।’’
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई, क्योंकि ये तय नियमों के मुताबिक नहीं है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश