रेवंत रेड्डी बताएं अमेरिका में किससे मिलने की थी योजना : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष

रेवंत रेड्डी बताएं अमेरिका में किससे मिलने की थी योजना : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष

रेवंत रेड्डी बताएं अमेरिका में किससे मिलने की थी योजना : तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष
Modified Date: August 25, 2026 / 12:46 pm IST
Published Date: August 25, 2026 12:46 pm IST

हैदराबाद, 25 अगस्त (भाषा) अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं मिलने को लेकर केंद्र की राजग सरकार पर की गई तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री को पहले यह बताना चाहिए कि वह अमेरिका में किन लोगों से मिलने वाले थे।

राव ने मांग की कि रेवंत रेड्डी देश की जनता को बताएं कि वह अमेरिका में किन व्यक्तियों से मिलना चाहते थे और उन मुलाकातों का उद्देश्य क्या था ?

भाजपा के एक बयान के अनुसार, रामचंदर राव ने कहा कि अपनी यात्रा का पूरा ब्योरा साझा किए बिना रेवंत रेड्डी को केंद्र सरकार पर ‘‘झूठे आरोप’’ नहीं लगाने चाहिए।

उन्होंने याद दिलाया कि रेवंत रेड्डी को इससे पहले अमेरिका, लंदन और सिंगापुर की दो यात्राओं के लिए अनुमति से इनकार नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को समझना चाहिए कि इस बार अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।

रामचंदर राव ने कहा कि केंद्र में पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में भी पर्याप्त जानकारी नहीं देने पर कई मुख्यमंत्रियों को विदेश यात्राओं की अनुमति नहीं दी गई थी।

उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले विदेश मंत्रालय के नियमों के अनुसार लिए जाते हैं।

रेवंत रेड्डी के इस आरोप पर पलटवार करते हुए कि केंद्र ने गुजरात का पक्ष लिया, वहीं तेलंगाना के साथ भेदभाव कर रहा है, रामचंदर राव ने कहा कि राजग सरकार सभी राज्यों के साथ समान व्यवहार करती है।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्गों का बड़े पैमाने पर विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत, वारंगल में रेलवे कोच कारखाने की स्थापना और बीबीनगर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) सहित अन्य परियोजनाएं राज्य में केंद्र के विकास प्रयासों का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अपनी अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजग सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने इस फैसले को ‘‘तानाशाहीपूर्ण’’ बताते हुए कहा था कि यह राज्य के चार करोड़ लोगों का अपमान है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में