टीएमसी सरकार के दौरान बीरभूम में 15,000 करोड़ रु के राजस्व का नुकसान हुआ : मुख्यमंत्री शुभेंदु

Ads

टीएमसी सरकार के दौरान बीरभूम में 15,000 करोड़ रु के राजस्व का नुकसान हुआ : मुख्यमंत्री शुभेंदु

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 04:32 PM IST

कोलकाता, 31 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बीरभूम जिले में पिछले 15 सालों में लगभग 15,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है और साथ ही कहा कि पिछली सरकार के समर्थन के बिना ऐसा होना मुमकिन नहीं था।

एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कई सरकारी विभाग या तो मिलीभगत में शामिल थे या फिर “ऊपर से मिले” के निर्देशों के तहत चुप रहे।

उनका यह आरोप ऐसे समय में आया है जब पुलिस ने जिले में कथित अवैध खनन और राजस्व के नुकसान के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के बीरभूम में फरार पत्थर व्यापारी टुल्लू मंडल के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है।

पुलिस को शक है कि नकदी का एक बड़ा हिस्सा कथित तौर पर हेराफेरी की कमाई का है। यह जिला लंबे समय से अवैध पत्थर खनन और पत्थर के व्यापार से जुड़े संगठित अपराध के आरोपों को लेकर जांच के दायरे में रहा है।

अपनी पूर्ववर्ती ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने कहा, “सालों से राजस्व की हेराफेरी करने वाला एक संगठित गिरोह… संस्थान के प्रमुख की सहमति के बिना काम नहीं कर सकता।”

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन के बिना, इतने बड़े गिरोह का इतने लंबे समय तक चलना नामुमकिन है। संस्थागत भ्रष्टाचार तभी होता है जब संस्था का प्रमुख भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है।”

उन्होंने कहा, “अधिकारियों को आंखें मूंदकर रखने पर मजबूर होना पड़ा। सरकार की तत्कालीन प्रमुख के तौर पर, इसकी पूरी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री की है।”

अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान, 93 करोड़ रुपये वाले टुल्लू मंडल के बैंक खाते से लेन-देन पर रोक लगा दी गयी है।

उन्होंने यहां पत्रकारों को बताया कि जांचकर्ताओं ने 21 संपत्ति, सात घर, एक फार्महाउस, दो पेट्रोल पंप, पार्किंग की सुविधा, पत्थर की खदानें, क्रशर और 300 बीघा जमीन का पता लगाया है और इन सभी को जब्त किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लग्जरी कारों समेत 242 गाड़ियों की पहचान की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि टल्लू मंडल की लगभग 150 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति—जिसमें नकदी, सोना और गहने शामिल हैं—पहले ही जब्त की जा चुकी है।

उन्होंने बर्दवान से जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध सदस्य की गिरफ्तारी पर टिप्पणी करने से परहेज किया क्योंकि यह मामला “बहुत संवेदनशील” था।

उन्होंने कहा, “विशेष कार्य बल इस मामले की जांच कर रहा है और एक अगस्त को मीडिया को जानकारी देगा।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश