चीनी की कीमत में बढ़ोतरी चिंता का विषय : हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
चीनी की कीमत में बढ़ोतरी चिंता का विषय : हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि हाल के महीनों में चीनी और गुड़ की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी आम लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने दावा किया कि चीनी की कीमतें लगभग 40 प्रतिशत बढ़कर करीब 67 रुपये प्रति किलोग्राम और गुड़ की कीमतें लगभग 24 प्रतिशत बढ़कर करीब 65 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं, इसलिए सरकार को देश को इस बढ़ोतरी के कारण स्पष्ट रूप से बताने चाहिए।
सिंह ने एक बयान में कहा कि मक्का और चावल जैसे कृषि उत्पादों की बढ़ती मांग, और साथ ही एथनॉल बनाने के लिए गन्ने की मांग, खाद्य बाजार को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘जब कृषि उपज का एक बड़ा हिस्सा ईंधन बनाने में इस्तेमाल होने लगता है, तो खाने-पीने की चीजों की उपलब्धता पर दबाव पड़ सकता है, जिससे स्वाभाविक रूप से कीमतें प्रभावित होती हैं।’’
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार इस पूरे मामले से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करे।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को उन दावों को खारिज कर दिया कि एथनॉल बनाने के लिए गन्ना उत्पाद का इस्तेमाल करने से चीनी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो रही है। इसके बजाय, सरकार ने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए उद्योग को जिम्मेदार ठहराया, जबकि देश में घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है।
राज्य कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि मक्के के आटे और चावल की बढ़ती कीमतों की खबरें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसका असर केवल घरों की रसोई तक ही सीमित नहीं है। पशुओं और पोल्ट्री के चारे की बढ़ती कीमतों से किसानों और पशुपालकों की लागत बढ़ जाती है, जिसका असर अंततः दूध, अंडे और खाने-पीने की दूसरी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


