कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
कोलकाता, 24 जून (भाषा) पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम की छत ढह जाने से उसके मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘तारातला इलाके में ब्रेस पुल के निकट ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर इस गोदाम की छत गिर गई। हमारे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के समय कुछ लोग वहां काम कर रहे थे। हमें आशंका है कि मलबे के नीचे कई लोग दबे हो सकते हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि सेना के अधिकारी भी बचाव कार्य में मदद करते दिखे, जबकि गिर चुके लोहे के बीम को हटाने के लिए क्रेन और मशीनों को लगाया गया है।
भाषा राजकुमार
देवेंद्र

Facebook


