टीवीके विधायक रिश्वत मामले में 2.82 करोड़ रुपये नकदी जब्त, दो लोग गिरफ्तार

टीवीके विधायक रिश्वत मामले में 2.82 करोड़ रुपये नकदी जब्त, दो लोग गिरफ्तार

टीवीके विधायक रिश्वत मामले में 2.82 करोड़ रुपये नकदी जब्त, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: July 19, 2026 / 01:46 pm IST
Published Date: July 19, 2026 1:46 pm IST

चेन्नई, 19 जुलाई (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक को कथित रूप से रिश्वत देने की कोशिश के मामले में चेन्नई की एक फाइनेंस कंपनी से 2.82 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त की गई और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां 18 जुलाई को की गईं। इससे पहले 17 जुलाई को चूलैमेडु स्थित ‘दीपम फाइनेंस’ में तलाशी ली गई थी। पुलिस को यह सूचना मिली थी कि टीवीके विधायकों को रिश्वत देने के लिए दी जाने वाली अग्रिम राशि वहां रखी गई है।

तलाशी के दौरान 2.82 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद की गई। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के संचालक करुणानिधि और सरवणन को पूछताछ के लिए बुलाया था।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि एक आरोपी ने उन्हें यह नकदी टीवीके विधायकों को रिश्वत देने के लिए अग्रिम राशि के रूप में सौंपी थी।

यह मामला तिरुपल्लीकेनी पुलिस थाने में दर्ज शिकायत से संबंधित है। शिकायत टीवीके के उथंगराई विधानसभा क्षेत्र से विधायक एन. इलैयाराजा ने दर्ज कराई थी।

विधायक ने आरोप लगाया था कि यूट्यूबर और जनमत सर्वेक्षण एजेंसी आईपीडीएस के संचालक तिरुनावुक्करासु तथा उनके सहयोगियों ने विधानसभा में होने वाले एक मत विभाजन के दौरान टीवीके के आधिकारिक रुख के खिलाफ वोट देने के लिए उन्हें 35 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी।

शिकायत के अनुसार, विधायक द्वारा रिश्वत लेने से इनकार किए जाने के बाद आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दीं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा शोभना सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में