बंगाल के 80,375 सरकारी स्कूलों के विकास कार्यों के लिए 296.64 करोड़ रुपये अंतरित किये गये: शुभेंदु

Ads

बंगाल के 80,375 सरकारी स्कूलों के विकास कार्यों के लिए 296.64 करोड़ रुपये अंतरित किये गये: शुभेंदु

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 06:34 PM IST

कोलकाता, 29 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि राज्य के 80,375 सरकारी, सहायता प्राप्त और प्रायोजित स्कूलों के विकास के लिए नेट बैंकिंग के माध्यम से 296.64 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

शुभेंदु ने कहा कि एक पायलट परियोजना के तहत इस्कॉन कोलकाता के एक व्यापक क्षेत्र में स्कूलों में मध्याह्न भोजन उपलब्ध करायेगा, जबकि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से विद्यार्थियों को अंडे भी उपलब्ध कराएगी।

समग्र अनुदान के तहत धनराशि जारी करने की घोषणा करते हुए शुभेंदु ने कहा, ‘‘हालांकि स्कूलों की संख्या को देखते हुए यह राशि बहुत अधिक नहीं है, लेकिन यह धनराशि संस्थानों के लिए बहुत आवश्यक थी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पिछली सरकार की गत तीन वर्षों की नीतिगत विफलताओं, उसके अहंकार और उपेक्षा के कारण शैक्षणिक संस्थान वंचित रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि स्कूलों के लिए दिए जाने वाले समग्र अनुदान का 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार उपलब्ध कराती है, जबकि शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करती है।

शुभेंदु ने कहा कि पायलट परियोजना के तहत कोलकाता के व्यापक क्षेत्र में विद्यार्थियों को इस्कॉन द्वारा ‘‘सात्विक और पौष्टिक भोजन’’ उपलब्ध कराया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भोजन के साथ-साथ, राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विद्यार्थियों को अंडे भी उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें प्रोटीन से भरपूर और संतुलित आहार मिल सके।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश