शबरिमला सोना चोरी मामला: विजयन ने पूछा-आरोपी राहुल गांधी के घर तक कैसे पहुँचा

शबरिमला सोना चोरी मामला: विजयन ने पूछा-आरोपी राहुल गांधी के घर तक कैसे पहुँचा

शबरिमला सोना चोरी मामला: विजयन ने पूछा-आरोपी राहुल गांधी के घर तक कैसे पहुँचा
Modified Date: March 31, 2026 / 02:49 pm IST
Published Date: March 31, 2026 2:49 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए उनसे सवाल किया कि शबरिमला सोना चोरी के मामले में आरोपी व्यक्ति कांग्रेस नेता के घर तक कैसे पहुंचा।

इससे पहले, गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान शबरिमला सोना चोरी से जुड़े मामले को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ माकपा पर निशाना साधा था।

विजयन व्यापक रूप से प्रसारित एक कथित तस्वीर का ज़िक्र कर रहे थे, जिसमें शबरिमला सोना चोरी मामले में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी दिल्ली स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आवास पर उनके साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में कुछ अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी दिख रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने इस मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल को पहले ही जवाब दे दिया है।

मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब राहुल ने एक दिन पहले पत्तनमथिट्टा ज़िले में विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत शबिरमला सोना चोरी प्रकरण में माकपा नेताओं की कथित भूमिका से संबंधित एक ‘पैरोडी’ गीत की एक पंक्ति गाई थी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को एक नुक्कड़ सभा में संबंधित गीत की पंक्ति ‘स्वर्णम कट्टथु आरप्पा’ (अयप्पा का सोना किसने चुराया) गाई। इस गीत का इस्तेमाल संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने कुछ महीने पहले स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान वामपंथी दलों के खिलाफ मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया था। इस दौरान भीड़ ने राहुल का उत्साह बढ़ाया।

राहुल द्वारा शबरिमला मुद्दे पर वामपंथी पार्टी को निशाना बनाए जाने के तुरंत बाद, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर एक अभियान शुरू कर दिया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर आरोप लगाए।

इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि कांग्रेस नेता को पहले ही करारा जवाब मिल चुका है, और क्या उन्हें भी वही बात दोहराने की ज़रूरत है।

विजयन ने कहा, ‘‘अगर वह इस बारे में सोचें कि चोरी में शामिल वे सभी लोग उनके घर तक कैसे पहुँचे… तो उन्हें इसका जवाब मिल जाएगा। वैसे भी, हममें ऐसी कोई कमी नहीं है।’’

कांग्रेस नेता ने रविवार को वाम मोर्चा और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पलक्कड़ के अपने दौरे के दौरान शबरिमला की घटना को भूल गए।

राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने एलडीएफ को नुकसान से बचाने के लिए चुप्पी साध ली।

उन्होंने यह भी कहा था कि राज्य में यूडीएफ की सरकार बनने पर मंदिर से जुड़ी कथित अनियमितताओं के दोषी लोगों के लिए दंड सुनिश्चित किया जाएगा।

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में