सैनी ने 312 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
सैनी ने 312 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
गुरुग्राम, एक जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा पुलिस के लिए 312 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस बेड़े में 310 मोटरसाइकिलें और दो ‘होंडा एलिवेट’ वाहन शामिल हैं। होंडा इंडिया फाउंडेशन ने अपनी निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा पुलिस को ये वाहन उपलब्ध कराए हैं।
गुरुग्राम के लीजर वैली पार्क में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल हरियाणा में जन सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एक बयान के अनुसार, सैनी ने कहा, ‘नागरिकों की सुरक्षा की भावना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर उनके विश्वास को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और पर्याप्त संसाधनों से लैस पुलिस व्यवस्था आवश्यक है। राज्य सरकार कुशल पुलिस व्यवस्था के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा और तकनीकी सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।’
सैनी ने कहा कि देश में पुलिस की औसत प्रतिक्रिया अवधि लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने अपनी प्रतिक्रिया अवधि को घटाकर सात मिनट तीन सेकंड कर दिया है।
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिल और एक ‘होंडा एलिवेट’ वाहन आवंटित किए गए हैं, जबकि फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिल और एक ‘होंडा एलिवेट’ वाहन मिले हैं।
शेष 210 मोटरसाइकिलें राज्य भर के अन्य जिलों में वितरित कर दी गई हैं।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नए वाहन घटना स्थलों तक जल्दी पहुंचने में सक्षम हैं।
गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त सिबाश कविराज ने कहा कि आधुनिक वाहनों से पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल आधारित ईआरवी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में विशेष रूप से उपयोगी साबित होंगे, जिससे पुलिस कर्मियों को आपातकालीन स्थितियों में जल्दी पहुंचने और नागरिकों को तुरंत सहायता प्रदान करने में मदद मिलेगी।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


