साकेत हादसा : एमसीडी को भवन उपनियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
साकेत हादसा : एमसीडी को भवन उपनियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में इमारत ढहने की घटना के कुछ दिनों बाद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को राजधानी में अवैध संरचनात्मक विस्तार पर रोक लगाने के लिए भवन उपनियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक का उद्देश्य बेहतर शहरी प्रशासन, नागरिक बुनियादी ढांचे में सुधार और राजधानी में संरचनात्मक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करना था।
यह समीक्षा बैठक शनिवार को साकेत में हुई इमारत ढहने की घटना के बाद आयोजित की गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद भवन से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आई हैं और एमसीडी ने इस मामले में अपने दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है।
संधू ने अवैध संरचनात्मक विस्तार पर रोक लगाने के लिए भवन उपनियमों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया और एमसीडी को अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए समयबद्ध रणनीति लागू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि बैठक में मानसून से पहले वर्षा जल निकासी नालों की सफाई, धूल प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों और फुटपाथ की मरम्मत तथा स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के लिए कचरा निस्तारण अभियान तेज करने जैसे प्रमुख नागरिक मुद्दों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
भाषा मनीषा अमित
अमित

Facebook


