संगरूर आत्महत्या मामला: भाजपा सांसद चुग मिले गुलजार सिंह के परिवार से, सीबीआई जांच की मांग की

संगरूर आत्महत्या मामला: भाजपा सांसद चुग मिले गुलजार सिंह के परिवार से, सीबीआई जांच की मांग की

संगरूर आत्महत्या मामला: भाजपा सांसद चुग मिले गुलजार सिंह के परिवार से, सीबीआई जांच की मांग की
Modified Date: September 16, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: September 16, 2026 5:26 pm IST

चंडीगढ़, 16 सितंबर (भाषा) भाजपा सांसद तरुण चुग ने मंगलवार को पंजाब के उस दैनिक वेतनभोगी कर्मी गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की, जिसने कथित तौर पर इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल पूछने के बाद उत्पीड़न के चलते आत्महत्या की थी।

चुग ने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

चुग ने गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए भगवंत मान मंत्रिमंडल से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को तत्काल बर्खास्त करने की भी मांग की।

गुलजार सिंह की सात सितंबर को संगरूर में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। उनके परिवार ने आरोप लगाया था कि उससे एक दिन पहले दिड़बा में एक कार्यक्रम के दौरान इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर चीमा से सवाल पूछने पर उन्हें परेशान किया गया और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं।

पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने आरोपों से इनकार किया है और विपक्ष पर ‘‘मृतक को लेकर राजनीति’’ करने का आरोप लगाया है।

चुग ने कहा कि भाजपा गुलजार के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘अन्याय के खिलाफ इस लड़ाई में हम किसी भी परिस्थिति में परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे और न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रखेंगे।’’

गुलजार की मौत पर संवेदना जताते हुए चुग ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगरूर में दिवंगत गुलजार सिंह जी के घर पहुंचा, जो भगवंत मान सरकार के कुशासन का शिकार बने। मैंने उनके परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।’’

चुग ने कहा, ‘‘गुलजार सिंह एक ऐसे पिता थे, जिन्होंने अपने बेटे को नशे की गिरफ्त में अपना भविष्य बर्बाद करते हुए बेबसी से देखा। जब वह न्याय की उम्मीद में अपनी पीड़ा लेकर मंत्री हरपाल सिंह चीमा के पास पहुंचे, तो उन्हें न्याय के बजाय अपमान, उत्पीड़न और धमकियों का सामना करना पड़ा।’’

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘व्यवस्था का यह घिनौना चेहरा था जिसने एक मजदूर पिता को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया, जो पूरे पंजाब के लिए एक काला अध्याय है।’’

चुग ने कहा कि गुलजार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पीड़ित को समय पर उपचार नहीं मिलने और उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल के चक्कर लगाने को मजबूर करने के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।

चुग ने कहा, ‘‘दिवंगत गुलजार सिंह जी का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पंजाब की जनता के साथ मिलकर भाजपा इस तानाशाही और जनविरोधी मान सरकार के कुशासन का करारा जवाब देगी।’’

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में