दिल्ली में सफाईकर्मियों ने हत्या के मामले में किया प्रदर्शन, जगह-जगह कूड़े के ढेर

दिल्ली में सफाईकर्मियों ने हत्या के मामले में किया प्रदर्शन, जगह-जगह कूड़े के ढेर

दिल्ली में सफाईकर्मियों ने हत्या के मामले में किया प्रदर्शन, जगह-जगह कूड़े के ढेर
Modified Date: August 18, 2026 / 10:20 pm IST
Published Date: August 18, 2026 10:20 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) सफाईकर्मियों के मंगलवार को प्रदर्शन के कारण कचरा निपटान स्थलों पर कूड़े का अंबार लग गया और पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी दिल्ली की सड़कों के किनारे जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आए।

कल्याणपुरी में रविवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाईकर्मी अनिल (27) की हत्या के बाद से कामगार प्रदर्शन कर रहे हैं।

सैकड़ों की संख्या में सफाईकर्मी हाथों में बैनर और डॉ. बी. आर. आंबेडकर की तस्वीरें लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-24 और खिचड़ीपुर बस स्टैंड के आसपास एकत्र हुए। वे अनिल के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजे और उनके परिजनों में से एक को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शन स्थल पर भीड़ बढ़ने के साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सफाईकर्मी अनिल के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने घटना को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया और कहा कि ऐसा लगता है कि इसके पीछे व्यक्तिगत कारण थे।

सफाईकर्मियों के संगठन ने महापौर की ओर से दिए गए प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘हम पिछले 72 घंटे से यहां न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। हम केवल सम्मानजनक मुआवजा और अपने भाई के परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी चाहते हैं, ताकि भविष्य में उसका परिवार अपना भरण-पोषण कर सके।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सभी सफाईकर्मी इसी मांग को लेकर यहां खड़े हैं। लेकिन प्रशासन हम पर हर तरह का दबाव बना रहा है। वे हमारे नेताओं को उठाकर हिरासत में ले रहे हैं।’’

मंगलवार तड़के स्थानीय आप विधायक कुलदीप कुमार को हिरासत में लिए जाने के बाद यह प्रदर्शन राजनीतिक टकराव में भी बदल गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुमार को सुबह करीब 5:15 बजे हिरासत में लिया गया और दोपहर करीब 3:40 बजे रिहा कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार को हुई यह हत्या कथित तौर पर घरेलू विवाद से जुड़ी थी। आरोपी निहाल (52) कथित तौर पर नशे में था और किसी अन्य व्यक्ति से अपनी पत्नी की फोन पर बातचीत को लेकर गुस्से में था। इसी दौरान निहाल का अनिल से सामना हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अनिल पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि निहाल का कथित निशाना गुलशन था, लेकिन सुबह करीब 8:15 बजे कल्याणपुरी में कचरा एकत्र कर रहे अनिल से उसका सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, अनिल और गुलशन दोस्त थे। निहाल को गाजीपुर सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने संविदा कर्मियों की समस्याओं को भी उठाया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनके वेतन में मनमाने तरीके से कटौती की जाती है और भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार होता है।

हड़ताल का असर राष्ट्रीय राजधानी में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर के रूप में साफ नजर आ रहा है। महापौर ने आप पर इस मुद्दे को लेकर अराजकता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में