बीड (महाराष्ट्र), नौ अप्रैल (भाषा) दिवंगत संतोष देशमुख की पत्नी अश्विनी देशमुख ने बृहस्पतिवार को मसाजोग सरपंच पद के उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। यह सीट दिसंबर 2024 में उनके पति की हत्या के बाद रिक्त हो गयी थी।
हालांकि, यह चुनाव निर्विरोध नहीं होगा क्योंकि इस पद के एक अन्य दावेदार स्वरूपानंद देशमुख ने भी अपना नामांकन दाखिल करने की घोषणा की है।
कैज तहसील के गांव के तत्कालीन सरपंच संतोष देशमुख की नौ दिसंबर 2024 को एक पवन ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली के प्रयास का विरोध करने पर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में महाराष्ट्र के तत्कालीन मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड भी शामिल थे।
नामांकन दाखिल करने के बाद अश्विनी देशमुख ने अपने दिवंगत पति के अधूरे सपने को पूरा करने और गांव की लंबे समय से लंबित पेयजल समस्या का समाधान करने का संकल्प व्यक्त किया।
ग्राम पंचायत में 2,284 पंजीकृत मतदाता हैं। मतदान 29 अप्रैल को होगा।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत