सतीशन ने आईयूएमएल का बचाव किया, उसे सांप्रदायिक ताकतों को रोकने वाला बताया

Ads

सतीशन ने आईयूएमएल का बचाव किया, उसे सांप्रदायिक ताकतों को रोकने वाला बताया

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 02:01 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 02:01 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री चुने गए वी. डी. सतीशन ने शुक्रवार को यूडीएफ में कांग्रेस के सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) का बचाव करते हुए कहा कि गठबंधन की जीत में उसकी निर्णायक भूमिका रही और वह राज्य में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एक बड़ा अवरोध भी है।

कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जो कोई भी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को सांप्रदायिक कह रहा है, वह केरल में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

मुख्यमंत्री पद के लिए सतीशन के प्रमुख समर्थकों में आईयूएमएल भी शामिल थी और इसे लेकर विभिन्न वर्गों से पार्टी को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है।

नव निर्वाचित मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर नफरत और विभाजन फैलाने का आरोप भी लगाया।

भाजपा आईयूएमएल पर निशाना साधते हुए उस पर मुख्यमंत्री चयन प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आरोप लगा रही है।

सतीशन ने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान भी आईयूएमएल पर सांप्रदायिक आधार पर हमला किया गया। वह यूडीएफ और कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण सहयोगी पार्टी है और हमारी जीत में उसकी निर्णायक भूमिका रही। (वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री) के. करुणाकरण के समय से ही वे हमारे साथ हैं और गठबंधन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में विभाजन पैदा करने के लिए नफरत फैलाने वाले अभियान के तहत उन पर हमला किया जा रहा है। केरल की जनता से मेरा सवाल है कि यदि आईयूएमएल कमजोर हो जाती है, तो उस खाली जगह को कौन भरेगा? सांप्रदायिक ताकतें उस स्थान पर कब्जा कर लेंगी। इसलिए लीग एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो ऐसा होने से रोक रही है। इसका विरोध करने वालों को यह समझना चाहिए।’’

सतीशन ने यह भी कहा कि नफरत और विभाजनकारी अभियानों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) हमेशा धर्मनिरपेक्ष रुख अपनाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने चुनाव के दौरान सांप्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया, तो चुनाव के बाद क्यों करेंगे?’’

साथ ही सतीशन ने कहा कि वह व्यक्तिगत हमलों या आलोचनाओं का स्वागत करते हैं, क्योंकि वह यह उम्मीद नहीं करते कि हर कोई उन्हें पसंद करे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां जरूरत होगी, वहां वह खुद को सुधारेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सांप्रदायिक अभियान मत चलाइए। हम केरल में इसका प्रसार नहीं होने देंगे और न ही राज्य के विभिन्न समुदायों के बीच एकता और भाईचारे को नष्ट होने देंगे।’’

सतीशन ने कहा कि आज यूडीएफ की बैठक होगी और मंत्रिमंडल गठन को लेकर सहयोगी दलों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल और वरिष्ठ पार्टी नेता रमेश चेन्निथला के साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अन्य नेता बैठक में मौजूद रहेंगे।

ये दोनों नेता पहले सतीशन के साथ मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे।

उन्होंने कहा, ‘‘सभी के साथ विस्तृत चर्चा के बाद हम मंत्रिमंडल गठन पर फैसला करेंगे। एक अच्छी टीम बनेगी, क्योंकि कोई भी अकेले सब कुछ नहीं कर सकता।’’

भाषा गोला वैभव

वैभव