कॉलेजियम के सुझाए नामों पर मंजूरी देने में देरी के आरोप वाली याचिकाओं पर सुनवाई नौ अक्टूबर को

कॉलेजियम के सुझाए नामों पर मंजूरी देने में देरी के आरोप वाली याचिकाओं पर सुनवाई नौ अक्टूबर को

कॉलेजियम के सुझाए नामों पर मंजूरी देने में देरी के आरोप वाली याचिकाओं पर सुनवाई नौ अक्टूबर को
Modified Date: October 7, 2023 / 06:03 pm IST
Published Date: October 7, 2023 6:03 pm IST

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय सोमवार को दो याचिकाओं पर सुनवाई करेगा, जिसमें न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण के लिए कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित नामों को मंजूरी देने में केंद्र द्वारा देरी का आरोप लगाने वाली याचिका भी शामिल है।

कॉलेजियम प्रणाली के माध्यम से न्यायाधीशों की नियुक्ति अतीत में उच्चतम न्यायालय और केंद्र के बीच टकराव का एक प्रमुख मुद्दा बन गई और कॉलेजियम प्रणाली की विभिन्न वर्गों से आलोचना हो रही है।

न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ नौ अक्टूबर को याचिकाओं पर सुनवाई करने वाली है।

उच्चतम न्यायालय ने 26 सितंबर को न्यायाधीशों की नियुक्ति में ‘‘देरी’’ पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेजियम की 70 सिफारिशें बीते नवंबर से अब तक सरकार के पास अटकी हुई हैं और अटॉर्नी जनरल से इस मुद्दे को हल करने के लिए उनके कार्यालय का उपयोग करने को कहा।

पीठ द्वारा मामला उठाए जाने के बाद अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए लंबित सिफारिशों पर निर्देश लेने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था।

भाषा

शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में