स्कूली छात्रों ने त्वचा रोग बताने वाला ऐप विकसित किया

Ads

स्कूली छात्रों ने त्वचा रोग बताने वाला ऐप विकसित किया

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 01:02 AM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 01:02 AM IST

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) अहमदाबाद के एक निजी स्कूल के छात्रों ने एआई-आधारित त्वचा स्वास्थ्य जागरूकता ऐप विकसित किया है, जिसने चर्म रोग संबंधी समस्याओं से ग्रस्त ऐसे लगभग 50 लोगों की पहचान की है जिन्हें पेशेवर विशेषज्ञ से परामर्श की आवश्यकता है।

स्कूल ने एक बयान में कहा कि ऐप ‘डर्मा विजन’ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, क्योंकि इसने इस साल जनवरी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-दिल्ली में आयोजित ‘विज्ञानत्रम नेशनल चैम्पियनशिप, 2026’ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में सर्वश्रेष्ठ अभिनव विचार का पुरस्कार जीता है, जिसमें देश के 49 स्कूलों के साथ प्रतिस्पर्धा की गई थी।

इसमें कहा गया है कि वास्तविक दुनिया में किए गए परीक्षणों ने नवाचार की विश्वसनीयता और सामाजिक प्रासंगिकता को और मजबूत किया है।

महिला दिवस जागरूकता कार्यक्रम के तहत, अहमदाबाद के उद्गमवर्स स्कूलों की शिक्षिकाओं और प्रशासनिक कर्मचारियों सहित 450 से अधिक महिला प्रतिभागियों ने एआई-आधारित त्वचा जांच करवाई।

बयान में कहा गया है कि परिणाम महत्वपूर्ण रहे, जिनमें लगभग 50 प्रतिभागियों में त्वचा संबंधी ऐसे लक्षण पाए गए जिनके लिए पेशेवर त्वचा विशेषज्ञ से परामर्श की आवश्यकता थी।

बयान में कहा गया कि इससे शीघ्र जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप के महत्व पर प्रकाश डाला गया है।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष