जम्मू कश्मीर के सांबा, राजौरी में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद तलाश अभियान शुरू

जम्मू कश्मीर के सांबा, राजौरी में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद तलाश अभियान शुरू

जम्मू कश्मीर के सांबा, राजौरी में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद तलाश अभियान शुरू
Modified Date: July 27, 2026 / 10:58 am IST
Published Date: July 27, 2026 10:58 am IST

जम्मू, 27 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा और राजौरी जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास कई सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सोमवार को सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सतर्क सैन्य टुकड़ियों ने सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास नंदपुर और राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास तारकुंडी-साज इलाके में ड्रोन की संदिग्ध गतिविधियां देखीं।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई और सुबह होते ही सेना ने पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से तलाश अभियान संचालित किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध ड्रोनों से कोई नशीला पदार्थ या हथियार तो नहीं गिराया गया है।

उन्होंने बताया कि अंतिम सूचना मिलने तक तलाश अभियान जारी था। उन्होंने बताया कि अब तक किसी तरह की बरामदगी या किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

यह हालिया घटना पिछले एक सप्ताह के दौरान सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन गतिविधियों में देखी गई तेजी के बीच सामने आई है।

अधिकारियों ने कहा कि हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी या घुसपैठ की कोशिशों की आशंकाओं के बीच, कई बार संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों, खासकर सांबा और कठुआ जिलों में निगरानी बढ़ा दी है।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में