अमरनाथ यात्रा : 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जम्मू से रवाना

अमरनाथ यात्रा : 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जम्मू से रवाना

अमरनाथ यात्रा : 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जम्मू से रवाना
Modified Date: July 3, 2026 / 09:22 am IST
Published Date: July 3, 2026 9:22 am IST

जम्मू, तीन जुलाई (भाषा) दक्षिण कश्मीर में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए शुक्रवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 3,800 से अधिक श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जम्मू आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दक्षिण कश्मीर के हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की 57 दिवसीय वार्षिक यात्रा शुक्रवार सुबह एक साथ दो मार्गों से शुरू हुई। इनमें अनंतनाग जिले का पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले का 14 किलोमीटर लंबा, लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाला बालटाल मार्ग शामिल हैं। यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा।

अधिकारियों ने बताया कि 3,865 श्रद्धालु भगवती नगर आधार शिविर से 201 वाहनों के काफिले में रवाना हुए। इस काफिले को सुरक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों की सुरक्षा उपलब्ध करायी गयी।

कुल श्रद्धालुओं में से 1,735 यात्री 115 वाहनों से बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए, जबकि 2,130 श्रद्धालु 86 वाहनों में अनंतनाग जिले के पारंपरिक पहलगाम आधार शिविर की ओर गए।

भगवती नगर आधार शिविर में श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू करने से पहले ‘‘बम-बम भोले’’, ‘‘हर-हर महादेव’’ और ‘‘जय बर्फानी बाबा की’’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई श्रद्धालुओं ने यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए किए गए प्रबंधों पर संतोष भी जताया।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को 4,822 श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को भगवती नगर आधार शिविर से रवाना किया था।

शुक्रवार को दूसरे जत्थे के प्रस्थान के साथ ही बृहस्पतिवार से अब तक कुल 8,687 श्रद्धालु जम्मू आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं।

यात्रा काफिलों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा सभी पड़ावों पर आने वाले शिविरों पर बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके अलावा, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर भगवती नगर आधार शिविर और उसके आसपास भी बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र सक्रिय किया गया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में